आज के समय में जब बिजली की खपत लगातार बढ़ रही है और हर घर में एसी, इलेक्ट्रिक गाड़ी चार्जिंग और हीट पंप जैसे नए-नए इलेक्ट्रिक उपकरण इस्तेमाल होने लगे हैं, तब छत पर ज्यादा बिजली पैदा करने वाले सोलर पैनल की जरूरत भी तेजी से बढ़ रही है। इसी जरूरत को ध्यान में रखते हुए चीन की सोलर कंपनी Aiko Solar ने अपना नया 545W का ABC (All Back Contact) सोलर मॉड्यूल लॉन्च कर दिया है। कंपनी का दावा है कि यह नया सोलर पैनल पारंपरिक TOPCon टेक्नोलॉजी वाले मॉड्यूल की तुलना में हर पैनल से लगभग 30W ज्यादा पावर देने में सक्षम है।

यह नया सोलर मॉड्यूल खास तौर पर उन घरों और छोटे कमर्शियल प्रोजेक्ट्स के लिए डिजाइन किया गया है, जहां छत की जगह सीमित होती है लेकिन बिजली की जरूरत ज्यादा होती है। इसकी सबसे खास बात यह है कि कम जगह में ज्यादा बिजली पैदा करने के लिए इसमें नई पीढ़ी की बैक-कॉन्टैक्ट टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया गया है।
ABC टेक्नोलॉजी से बढ़ी पावर और 25% से ज्यादा एफिशिएंसी
कंपनी के अनुसार इस नए सोलर मॉड्यूल में ABC यानी All-Back-Contact डिजाइन का इस्तेमाल किया गया है। इस टेक्नोलॉजी में सोलर सेल के सामने की तरफ कोई बसबार या वायर दिखाई नहीं देता, क्योंकि पूरा कनेक्शन पैनल के पीछे की तरफ होता है। इस कारण पैनल की सामने वाली सतह पूरी तरह साफ रहती है और ज्यादा सूरज की रोशनी सीधे सेल तक पहुंचती है।
इसी वजह से यह मॉड्यूल 545 वॉट तक की पावर और 25% से ज्यादा मॉड्यूल एफिशिएंसी देने में सक्षम है, जो कि आज के समय में रूफटॉप सोलर के लिए काफी बेहतर मानी जाती है। अगर इसकी तुलना सामान्य TOPCon मॉड्यूल से की जाए, तो कंपनी का दावा है कि हर पैनल से लगभग 30 वॉट ज्यादा बिजली मिल सकती है। इसके अलावा लंबे समय में यह मॉड्यूल लगभग 15% ज्यादा ऊर्जा उत्पादन प्रति वर्ग मीटर कर सकता है।
इस पैनल का साइज लगभग 1954mm × 1134mm × 30mm रखा गया है, जिससे यह कॉम्पैक्ट रूफटॉप इंस्टॉलेशन के लिए काफी उपयुक्त माना जा रहा है। जिन घरों की छत छोटी होती है, वहां ज्यादा पैनल लगाने की जगह नहीं होती, इसलिए ऐसे हाई-पावर मॉड्यूल बहुत फायदेमंद साबित हो सकते हैं।
कम गर्मी, बेहतर परफॉर्मेंस और 30 साल तक भरोसेमंद आउटपुट
किसी भी सोलर पैनल की असली ताकत उसकी एफिशिएंसी के साथ-साथ उसकी दीर्घकालिक परफॉर्मेंस में भी होती है। कंपनी के अनुसार इस नए मॉड्यूल का टेम्परेचर कोएफिशिएंट -0.26% प्रति डिग्री सेल्सियस है, जबकि सामान्य TOPCon पैनल में यह लगभग -0.29% होता है। इसका मतलब यह है कि ज्यादा गर्मी में भी यह पैनल बेहतर परफॉर्मेंस दे सकता है।
इसके अलावा कंपनी का कहना है कि इस मॉड्यूल में हॉट-स्पॉट तापमान लगभग 30% तक कम पाया गया है, जिससे पैनल की लाइफ और सुरक्षा दोनों बेहतर हो जाती हैं। अगर डिग्रेडेशन की बात करें तो पहले साल में लगभग 1% आउटपुट कम होता है और उसके बाद हर साल करीब 0.35% की गिरावट आती है। इस हिसाब से 30 साल बाद भी यह मॉड्यूल लगभग 90.6% तक पावर आउटपुट बनाए रख सकता है।
ऐसी मजबूत परफॉर्मेंस के कारण यह पैनल उन लोगों के लिए भी अच्छा विकल्प बन सकता है जो लंबे समय के लिए सोलर सिस्टम लगाना चाहते हैं और बार-बार पैनल बदलने की चिंता नहीं करना चाहते।
घर, बिजनेस और ऑफ-ग्रिड सिस्टम के लिए क्यों खास है यह मॉड्यूल
यह नया 545W ABC मॉड्यूल सिर्फ घरों के लिए ही नहीं बल्कि कमर्शियल और ऑफ-ग्रिड प्रोजेक्ट्स के लिए भी काफी उपयोगी माना जा रहा है। कंपनी के अनुसार अगर किसी 660 वर्ग मीटर के कमर्शियल रूफटॉप पर 510W के TOPCon पैनल लगाए जाएं तो सिस्टम लगभग 100kW का बनता है। लेकिन अगर उसी जगह पर 545W के नए ABC मॉड्यूल लगाए जाएं तो बिना जगह बढ़ाए सिस्टम की क्षमता 107kW तक पहुंच सकती है।
इसका मतलब यह हुआ कि केवल पैनल बदलने से ही लगभग 7% ज्यादा सिस्टम कैपेसिटी मिल सकती है। इसके अलावा कंपनी ने ऐसे क्षेत्रों को भी ध्यान में रखा है जहां मौसम काफी कठोर होता है। पैनल के मोनो-ग्लास वर्जन में 3.2mm फ्रंट ग्लास दिया गया है जो बड़े ओलों के प्रभाव को भी सह सकता है और अंतरराष्ट्रीय टेस्टिंग स्टैंडर्ड्स के अनुसार प्रमाणित है।
कंपनी की योजना के अनुसार 535W से 540W तक के मॉड्यूल 2026 के अप्रैल के अंत तक बाजार में उपलब्ध हो सकते हैं, जबकि 545W वाला मॉडल शुरुआत में सीमित मात्रा में उपलब्ध कराया जाएगा। बाद में इसके डुअल-ग्लास और फुल-ब्लैक वर्जन भी लॉन्च किए जाएंगे।
यह भी पढ़े – 👉 Eastman ने लांच किया Subsidy वाला सस्ता 3kW Grid-Tie Inverter! 10 साल की वारंटी, कीमत देखे